गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र संख्या 83 से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेश चन्द्र शर्मा उर्फ 'गोल्डी भैया' का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। सोमवार को उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर जहां एक ओर आगामी चुनाव के लिए जनसमर्थन मांगा, वहीं दूसरी ओर कई शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

अपने दौरे की शुरुआत करते हुए सोमवार को गोल्डी भैया नवीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 'श्री राधा रसोई' के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत की। यहां स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रूप से साफा बांधकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

जनसंपर्क की इसी कड़ी में सपा प्रत्याशी ने क्षेत्र के उन परिवारों से भी मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में अपनों को खोया है। सबसे पहले वे गांव रामपुर पहुंचे और स्वर्गीय निहाल सिंह के परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने गांव मोरा में स्वर्गीय किशनलाल गौतम के निवास पर पहुंचकर अपनी शोक संवेदना प्रकट की।

आगे बढ़ते हुए गोल्डी भैया ग्राम राल पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय हरदयाल सिंह, स्वर्गीय मोहन सिंह ठाकुर और ब्रह्मलीन बाबा जयराम पुरी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया। इस दौरान उन्होंने राल गांव में ग्रामीणों से जनसंपर्क भी किया।

अपने दौरे के अगले चरण में वे ग्राम बढ़ौता पहुंचे। वहां उन्होंने किडनी की बीमारी से असमय निधन हुए सुरेश सिंह ठाकुर और स्वर्गीय भूपाल सिंह के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। अंत में गोल्डी भैया ग्राम तोष पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय बदन सिंह, विजय तिवारी और संतोष सिंह के शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
