रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद की सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 543 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
दरअसल, यह पूरी कार्रवाई केंद्र सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के जरिए की गई है। मथुरा पुलिस की सर्विलांस सेल और थानों पर गठित टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए, सीमावर्ती राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल बिठाया। यह सभी मोबाइल फोन 12 मई 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग इलाकों से गुम हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक कर बरामद कर लिया गया है। अगर थानावार आंकड़ों पर नजर डालें, तो धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर मोबाइल गुम होने की संख्या सबसे ज्यादा रही:
• वृंदावन थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 140 मोबाइल बरामद हुए।
• गोवर्धन से 72 और पर्यटन थाने से 64 मोबाइल फोन ट्रैक किए गए।
• इसके अलावा कोतवाली से 42, कोसीकलां से 39 और जैत थाने से 22 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
• बाकी मोबाइल जनपद के अन्य 17 थानों और साइबर थाने की मदद से बरामद हुए हैं।

मथुरा पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए कुल 543 मोबाइलों में से 311 मोबाइल फोन थाना स्तर पर ही सीधे उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। वहीं, बचे हुए 232 मोबाइलों के स्वामियों को सूचित कर दिया गया है, जिन्हें नामित अधिकारियों द्वारा जल्द ही सुपुर्द कर दिया जाएगा।
त्योहारों के इस सीजन में अपना कीमती और गुम हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मोबाइल स्वामियों ने मथुरा पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ की है और सर्विलांस टीम का आभार जताया है। इस पूरे ऑपरेशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
