रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
मथुरा के प्रतिष्ठित बीएसए डिग्री कॉलेज परिसर में छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आज लोकतांत्रिक युवा जनसंघ पार्टी (LYJP) के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ़ तौर पर चेतावनी दी है कि छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आइए देखते हैं ग्राउंड से हमारे संवाददाता की यह रिपोर्ट।
मथुरा का बीएसए डिग्री कॉलेज आज नारों से गूंज उठा। परिसर में छात्रा के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। लोकतांत्रिक युवा जनसंघ पार्टी यानी एलवाईजेपी के बैनर तले दर्जनों कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में तख्तियां थीं और परिसर में “छात्राओं का सम्मान—हमारी पहचान” और “सुरक्षित कैंपस—छात्रों का अधिकार” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन कर रहे संगठन ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस के सामने प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी हैं:
- पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो।
- आरोप सिद्ध होने पर दोषी के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था तुरंत लागू हो।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के संस्थापक गौरव कश्यप और अन्य छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक कैंपस सुरक्षित नहीं होता, उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से एलवाईजेपी के संस्थापक गौरव कश्यप, सूरज कुंतल, विनय बंसल, मिली कौर, प्रतीक्षा सारस्वत और मयंक तिवारी समेत भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कॉलेज कैंपस को राजनीति और भय से मुक्त कर, छात्राओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाने की अपील की है। अब देखना यह होगा कि इस प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर क्या कड़े कदम उठाता है।
