रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
थाना महावन पुलिस ने आधी रात को यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक ऐसी बड़ी कार्रवाई की है, जिसने इलाके के ठगों और अपराधियों की कमर तोड़ कर रख दी है! पुलिस ने एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से घेराबंदी करके दो ऐसे शातिर ठगों को दबोचा है, जो असली नोटों की आड़ में 'मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया' के नकली नोटों का काला खेल खेल रहे थे! इनके मंसूबे इतने खतरनाक थे कि ये किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन महावन पुलिस की मुस्तैदी ने इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। अपराधियों के नाम बंटी और चन्द्रपाल बताए जा रहे हैं। 2 अक्टूबर की काली रात, जब घड़ी में 11 बजकर 5 मिनट हो रहे थे, तभी महावन पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक्सप्रेस-वे से महज 50 मीटर पहले सर्विस रोड के पास जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही अभियुक्तों के होश उड़ गए! जब पुलिस ने इनकी तलाशी ली, तो अधिकारियों की आंखें भी फटी की फटी रह गईं। इनके पास से पुलिस ने ₹82,800 की भारी-भरकम असली नगदी बरामद की, लेकिन इसके साथ ही जो मिला, उसने सबको चौंका दिया! इनके पास से 500-500 रुपये की 14 नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं, जिन पर बच्चों के खेलने वाला 'मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया' छपा हुआ था! ये ठग असली नोटों के ऊपर-नीचे इन नकली गड्डियों को लगाकर लोगों के साथ लाखों की ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। सिर्फ ठगी का ही खेल नहीं था, बल्कि ये मौत का सामान भी साथ लेकर घूम रहे थे! अभियुक्त बंटी के पास से पुलिस ने 01 अवैध तमंचा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया है। यानी अगर कोई इनकी ठगी का विरोध करता, तो ये गोली मारने से भी गुरेज नहीं करते! इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस ने आरोपियों पर शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। बंटी के खिलाफ आर्म्स एक्ट (मु0अ0सं0 268/2026 धारा 3/25) का नया मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पहले से दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में पुलिस ने बरामद माल के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की भारी बढ़ोतरी कर दी है। महावन पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से एक्सप्रेस-वे के आस-पास सक्रिय ठगों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है। दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी कर ली गई है।
