फर्रुखाबाद। जनपद के मधुर मिलन गेस्ट हाउस में दैनिक जागरण समूह द्वारा जागरण विमर्श 2026: विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित फर्रुखाबाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक विमर्श में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और कायमगंज सहित पूरे फर्रुखाबाद जनपद को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए गहन और सार्थक विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अंकुर लाठर उपस्थित रहीं।

प्रभारी मंत्री ने दिया प्रगति का मंत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश और फर्रुखाबाद के विकास मॉडल पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि 'विकसित उत्तर प्रदेश' के बड़े संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित फर्रुखाबाद का निर्माण हम सभी की सामूहिक प्राथमिकता है। सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें आम जनता व व्यापारियों की सहभागिता बेहद जरूरी है।

व्यापारिक संगठन और प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस विमर्श में क्षेत्र के विकास को लेकर कई दिग्गजों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र राठौर और प्रांतीय मंत्री व जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री (कायमगंज) उपस्थित रहे। इन प्रतिनिधियों ने फर्रुखाबाद और कायमगंज क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव मंच के सामने रखे

जिलाधिकारी के समक्ष उठीं जन-समस्याएं, मिला त्वरित आश्वासन
सत्र के दौरान इस सार्थक पहल पर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारियों ने सीधे जिलाधिकारी के समक्ष विकास से जुड़ी बातें और स्थानीय समस्याओं को रखा। जिलाधिकारी ने बेहद संवेदनशीलता के साथ सभी प्रश्नों और जन-समस्याओं को सुना, उनके बिंदुवार उत्तर दिए और जल्द से जल्द धरातल पर निराकरण का ठोस आश्वासन भी दिया।

कायमगंज में जाम से मुक्ति के लिए जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने दिया 'वन-वे' प्रस्ताव
विमर्श के दौरान कायमगंज से आए प्रांतीय मंत्री/जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने नगर की सबसे बड़ी समस्या 'यातायात जाम' की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने चौराहों पर लगने वाले भीषण जाम से जनता को निजात दिलाने के लिए शहर की ई-रिक्शा (टीर्री व्यवस्था) को 'वन-वे' (One-Way) किए जाने का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस व्यवहारिक सुझाव पर जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।