शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान दिनांक 11.10.2026 से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक राज नारायण व सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी जनपद मथुरा के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन मथुरा से शक्ति मार्च निकाला गया ।

शक्ति मार्च में महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस मार्डन स्कूल की छात्राओं सहित अन्य महिलाओं ने प्रतिभाग किया । शक्ति मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना है ।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181 एवं साइबर हेल्पलाइन-1930 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त महिला हेल्प डेस्क एवं अन्य संबंधित सहायता माध्यमों के बारे में भी जानकारी प्रदान की जा रही है ।

मथुरा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने तथा महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद मथुरा पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है ।
