रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
“मानव सेवा ही हमारा धर्म — सेवा, समर्पण, सद्भाव” के संकल्प के साथ नीलांचल सेवा ट्रस्ट द्वारा रविवार सुबह 8 बजे आगरा स्थित कैलाश मंदिर के समीप घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ संस्था के संस्थापक एवं मशहूर यूट्यूबर यूनिक वायरल प्रेम कुमार के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, यूनिक वायरल हैप्पी, हेमंत कुमार, उदय फूड ब्लॉगर सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं कई सोशल मीडिया क्रिएटर उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि धार्मिक स्थलों और घाटों की पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखें तथा आस्था के साथ खिलवाड़ न करें।इस अवसर पर शुभम बंसल ने नीलांचल सेवा ट्रस्ट द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए संस्था के संस्थापक यूनिक वायरल प्रेम कुमार एवं उपस्थित सभी सदस्यों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।

संस्था की ओर से समाज को संदेश देते हुए कहा गया कि हमें यह विचार करना होगा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को क्या देना चाहते हैं—स्वच्छ और स्वस्थ शहर या कचरे का ढेर और बीमारियों से घिरा वातावरण। यदि हम आज जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। नीलांचल सेवा ट्रस्ट ने शहरवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी रोजमर्रा की जिम्मेदारी बनाएं। प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास आगरा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
