रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
मथुरा - 28 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में जहाँ एक तरफ सनातनी सरकार होने का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ धर्मनगरी मथुरा से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। मामला FCI गोदाम के समीप स्थित एक प्राचीन मंदिर का है, जिसे हथियाने और जिस पर अवैध कब्जा करने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि मंदिर के सेवायत खड़ेश्वरी महाराज अपनी जान की भीख मांग रहे हैं और उन्होंने मंदिर परिसर में ही अनशन शुरू कर दिया है। दरअसल, यह पूरा विवाद FCI गोदाम के पास वाले मंदिर का है, जहाँ पिछले कुछ समय से अराजकता का माहौल बना दिया गया है। स्थानीय लोगों और सेवायत के मुताबिक, भू-माफिया और कुछ असामाजिक तत्वों की नजर इस बेशकीमती मंदिर परिसर पर है। मंदिर को पूरी तरह से बंधक बनाने की कोशिश की जा रही है।
• हालात यह हैं कि मंदिर का पानी तक बंद कर दिया गया है।
• मंदिर के मुख्य द्वार पर जबरन ताले लटका दिए गए हैं, जिसके कारण श्रद्धालु चाहकर भी पूजा-अर्चना नहीं कर पा रहे हैं।
• हद तो तब हो गई जब मंदिर के बाहर जानबूझकर कूड़े का ढेर लगा दिया गया और असामाजिक तत्वों ने मंदिर की संपत्तियों को नुकसान पहुँचाते हुए उसके शीशे तक तोड़ डाले।
आरोप बेहद गंभीर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तथाकथित सनातनी सरकार के राज में राजनैतिक दलों के कुछ रसूखदार लोग और विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी मिलकर इस मंदिर पर कब्जा करना चाहते हैं। मंदिर के सेवायत खड़ेश्वरी महाराज को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उन पर मंदिर छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। महाराज ने साफ तौर पर अपनी हत्या की आशंका जताई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछले महज एक साल के भीतर इस मंदिर में कई बार चोरियां भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

न्याय न मिलने और अपनी जान पर खतरा मंडराता देख सेवायत खड़ेश्वरी महाराज ने मंदिर परिसर में ही आमरण अनशन शुरू कर दिया है। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में राजनैतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई। मंगलवार को गोवर्धन विधानसभा 83 से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेश चन्द्र शर्मा, जिन्हें इलाके में लोग 'गोल्डी भईया' के नाम से जानते हैं, मंदिर परिसर पहुँचे। उन्होंने अनशन पर बैठे खड़ेश्वरी महाराज से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और साफ शब्दों में कहा कि वे इस अन्याय के खिलाफ महाराज के साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
