रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
उत्तर प्रदेश के कायमगंज में स्थित सीपी गेस्ट हाउस में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा संघ द्वारा एक भव्य पत्रकार संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत, न्याय व्यवस्था और व्यापार मंडल से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह मौजूद रहे। उनके साथ मंच पर ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र राठौर, प्रांतीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, जिला महामंत्री अनुपम अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नितिन रस्तोगी और सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र राठौर सहित कई गणमान्य लोग मंचासीन रहे।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. ए.पी. सिंह और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कौशल किशोर जी का भव्य स्वागत किया गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोनों विभूतियों को पगड़ी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया। वहीं दूसरी ओर, राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा संघ और मुख्य अतिथि की तरफ से जिला अध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों और पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र और एक भव्य शील्ड देकर सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने पत्रकार सुरक्षा और समाज में मीडिया की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
