उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा गैर-जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुगमता के लिए मथुरा जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, इसी क्रम में दिनांक 24.10.2026 को जिलाधिकारी मथुरा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मथुरा द्वारा पुलिस बल के साथ मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों और निकास द्वारों का जायजा लिया तथा सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को परखा।

इस दौरान जिलाधिकारी मथुरा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मथुरा ने परीक्षा देने आए दूर-दराज के PET अभ्यर्थियों से सीधा संवाद (वार्ता) किया, अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से उनकी यात्रा, ठहरने तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में आ रही किसी भी प्रकार की असुविधा के बारे में जानकारी ली, अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी हर संभव मदद के लिए तत्पर है और परीक्षा को लेकर जनपद में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारीगण तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, रेलवे स्टेशन परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अधिकारियों द्वारा पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया।
