रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह

मथुरा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनमानस और श्रद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मथुरा जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तर प्रदेश, लखनऊ) और जिलाधिकारी मथुरा के आदेशों के अनुपालन में जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया।

यह छापामार कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ0 जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचलदल द्वारा की गई। टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करते हुए कुल 9 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल्स) संग्रहित किए।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई और लिए गए नमूने:

  • भगवती चाट भंडार (छाता): बूंदी लड्डू का नमूना
  • गोयल स्वीट्स (मांट): पेड़ा का नमूना
  • राधेश्याम मिष्ठान भंडार (सौंख): मिल्क केक का नमूना
  • मिठाई की दुकान (गोवर्धन): पेड़ा और खोआ की बर्फी का एक-एक नमूना
  • किराना स्टोर (गोवर्धन): हल्दी पाउडर का नमूना
  • राधिका ट्रेडर्स (भैंस बहोरा): बेसन का नमूना
  • महावन: मिश्रित दूध का नमूना
  • जुगसना: मिश्रित दूध का नमूना
  • लोहवन बगीची: सोनपापड़ी का नमूना

विभाग द्वारा एकत्र किए गए सभी 9 नमूनों को सुरक्षित सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों और विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कानूनी (अग्रिम) कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सचलदल की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाहा, रीना शर्मा एवं दिनेश कुमार भारती मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग की इस कार्रवाई से जनपद के मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।