क्षेत्राधिकारी वृन्दावन जनपद मथुरा की अध्यक्षता में एंटी इंक्रोचमेंट (अतिक्रमण हटाओ) टीम और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वृन्दावन धाम में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित करना रहा ।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी वृन्दावन द्वारा वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उपस्थित टीमों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
1. अवैध अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई: प्रमुख मार्गों, चौराहों और फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए ।
2. यातायात का प्रभावी प्रबंधन: वीकेंड और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया जाए। ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए निर्धारित नियमों और रूटों का कड़ाई से पालन कराया जाए ।
3. नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन रोकने पर जोर: अवैध रूप से नो-पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ निरंतर चालान और क्रेन से गाड़ी उठाने की कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कों पर वाहनों का सुचारू आवागमन बना रहे ।