जागृति सेल, जनपद मथुरा द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पुलिस लाइन, मथुरा में महिला सुरक्षा एवं नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं एवं समाजसेवा के माध्यम से शिक्षा की अलख जगाने वाली शिक्षिकाओं को निरीक्षक सिरोजनी, उपनिरीक्षक/प्रभारी एंटी रोमियो प्रियंका श्रीवास्तव द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खेल, गायन, शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं चित्रकला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया । सम्मानित होने वाली छात्राओं में दौड़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अनामिका पाल, गायन में कविता माण्डेय, शैक्षणिक क्षेत्र में खुशी वार्ष्णेय, सांस्कृतिक कार्यक्रम में गार्गी वर्मा तथा चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लोरेन गुप्ता शामिल रहीं । इसके अतिरिक्त, गरीब एवं निर्धन परिवारों के झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर उनके जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाली अवैतनिक शिक्षिकाओं तनु कुमारी, कुमकुम कुमारी एवं वान्या कुमारी को भी उनके सराहनीय सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इन शिक्षिकाओं द्वारा वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। 
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना, उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर जागृति सेल प्रभारी निरीक्षक सिरोजनी, उपनिरीक्षक/प्रभारी एंटी रोमियो प्रियंका श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी सत्यजीत एवं मुख्य आरक्षी हेमन्त शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।