रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
मथुरा की गोवर्धन विधानसभा सीट संख्या 83 पर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेश चन्द्र शर्मा उर्फ 'गोल्डी भैया' लगातार क्षेत्र में तूफानी जनसंपर्क कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं, वहीं ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। साथ ही, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों पर भी कड़ा प्रहार किया। सपा प्रत्याशी महेश चन्द्र शर्मा 'गोल्डी भैया' बुधवार को सबसे पहले गोवर्धन क्षेत्र के गांव फैंचरी पहुंचे। यहां उन्होंने एक शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया और हर संभव मदद की बात कही।

इसके बाद गोल्डी भैया का काफिला बाटी और अरहेरा गांव पहुंचा, जहां स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सपा प्रत्याशी ने मौजूदा भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि आज किसान, युवा और आम जनमानस महंगाई व बेरोजगारी से त्रस्त है और मौजूदा सरकार वादों के अलावा जमीनी स्तर पर कुछ नहीं कर पाई। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और अखिलेश यादव के विजन को जनता के सामने रखा।

उन्होंने कहाकि वे जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े हैं। आज गोवर्धन की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा सरकार ने जनता को केवल जुमलों में उलझाया है, जबकि समाजवादी पार्टी विकास, किसान कल्याण और युवाओं के रोजगार की बात करती है। दौरे के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उनके साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी उन्हें अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा जताया।
